शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का निकला पथ संचलन

सीधी जबलपुर दर्पण । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शहर में पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवकों की सहभागिता रही। 12 अक्टूबर रविवार की अपरान्ह राष्ट्रीय स्वयंसेवकों का पथ संचलन शहर के प्रमुख मार्गों में शुरू हुआ। इसमें नगर की सभी शाखाओं के सैकड़ों स्वयंसेवक शामिल हुए। छत्रसाल स्टेडियम में अपरान्ह 3 बजे एकत्रीकरण के बाद बौद्धिक कार्यक्रम हुआ। तत्पश्चात पथ संचलन प्रारंभ हुआ। बौद्धिक उद्बोधन के बाद पथ संचलन छत्रसाल स्टेडियम से प्रारंभ होकर अस्पताल तिराहा, सम्राट चौक, कोतवाली रोड़, पुराना हनुमान मंदिर, अमहा तिराहा, फूलमती मंदिर, पटेल पुल, लालता चौक, गांधी चौक होते हुए पुन: छत्रसाल स्टेडियम में आकर समाप्त हुआ। पथ संचलन के दौरान नगर वासियों एवं विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों के पथ संचलन का भव्य स्वागत किया। संचलन में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रहा। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सीधी विधायक रीती पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष देवकुमार सिंह चौहान, सीधी जनपद अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में भाजपाई, व्यवसायी एवं आम लोग भी शामिल रहे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रांत प्रचारक बृजकांत, विभाग संघ चालक पुष्पराज सिंह सहित अन्य अतिथि मंचासीन रहे। बौद्धिक कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं अतिथियों ने विचार रखे। संघ की स्थापना से अब तक किए गए कार्यों के साथ ही संघ की विचारधारा एवं उद्देश्यों पर विस्तार से बात रखी गई। जिसको काफी तन्मयता से सुना गया।



