बालक येसु के 28वें वार्षिक भक्ति महोत्सव की शुरुआत

जबलपुर दर्पण । बालक येसु के 28वें वार्षिक भक्ति महोत्सव की शुरुआत नौरोजी प्रार्थना के पहले दिन आस्था और भक्ति के माहौल में हुई। समारोह के प्रथम दिवस पर श्रद्धेय फादर एनटो, सी.एम.आई., सचिदानन्दन आश्रम नरसिंहपुर के पल्ली पुरोहित ने “कलीसिया के जीवन में पवित्र धर्मविधि का महत्व” विषय पर सारगर्भित प्रवचन दिया।
अपने प्रवचन में फादर एनटो ने कहा कि —
“हमारे जीवन में पूर्णता और अपूर्णता दोनों हैं, किंतु जब हम येसु से जुड़ते हैं, तो हमें मुक्ति की ओर मार्गदर्शन मिलता है। प्रत्येक व्यक्ति को येसु के नाम से ही सच्ची मुक्ति प्राप्त होती है। इसलिए हमें पवित्र धर्मविधियों में भाग लेना और एक-दूसरे के लिए निरंतर प्रार्थना करना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि हमें अपने और दूसरों के सुख के लिए सदैव अच्छे कार्य करने चाहिए, क्योंकि यही येसु के प्रति हमारी सच्ची भक्ति का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और प्रार्थना में भाग लिया। आयोजन समिति ने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को नोविना के दूसरे दिन श्रद्धेय फादर जोस अन्तोनी, संत पॉल चर्च पनागर के पल्ली पुरोहित, सभी श्रद्धालुओं के लिए पवित्र ख्रिस्तयाग अर्पित करेंगे। यह आयोजन संध्या 6 बजे से प्रारंभ होगा।
होली ट्रिनिटी चर्च के पल्ली पुरोहित एवं बालक येसु समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से प्रार्थना स्थल पर उपस्थित होने की अपील की है।



