बैहर विकासखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने एसडीएम ने तैयार किया पायलेट प्रोजेक्ट

बालाघाट जबलपुर दर्पण । बैहर एसडीएम अर्पित गुप्ता द्वारा बैहर विकासखंड के दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ता एवं सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से 05 नवंबर 2025 को विकासखण्ड बैहर के समस्त शासकीय चिकित्सकों की बैठक आहूत की गई, जिसमें खण्ड चिकित्सा अधिकारी, बैहर सहित सभी चिकित्सा अधिकारी एवं अनुबंधित चिकित्सक भी उपस्थित रहें ।
बैठक में उपस्थित चिकित्सकों द्वारा अवगत कराया गया कि, दूरवर्ती ग्रामों में मलेरिया, टायफाईड, उल्टी दस्त आदि रोग लगातार फैलते रहते हैं । इसके साथ ही हाट-बाजार वाले दिनों में मरीजों की संख्या काफी बढ़ जाती है, जिसके अनुपात में उपलब्ध चिकित्सकों की संख्या सीमित होने से उपचार व्यवस्था पर दबाव पड़ता है एवं मरीज अप्रशिक्षित व्यक्तियों के पास ईलाज के लिए जाते हैं एवं कई बार रोग ठीक होने के स्थान पर मरीज की स्थिति और अधिक खराब हो जाने से काफी अधिक नुकसान एवं कई प्रकरणों में मृत्यु तक हो जाती है ।
इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विशेष पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर आगामी 15 दिनों तक विकासखण्ड बैहर के (1) प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गढ़ी में प्रति मंगलवार एवं गुरूवार (2) प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिठली में प्रति मंगलवार एवं शुक्रवार तथा (3) प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भण्डेरी में प्रति सोमवार दो अतिरिक्त चिकित्सकों को भेजने के लिए एसडीएम श्री गुप्ता द्वारा खण्ड चिकित्सा अधिकारी, बैहर को निर्देशित किया गया एवं आमजन से यह अपील की गई है कि वे इस व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं ।
यह व्यवस्था 07 नवम्बर 2025 से प्रारंभ होगी एवं इस अवधि में प्राप्त परिणाम अनुसार इस मॉडल को विकासखण्ड बिरसा एवं परसवाड़ा में भी लागू किया जाएगा ताकि सुदूर अंचलों में निवासरत आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं समय पर प्राप्त हो सकें ।
