टोल वसूली जारी सड़क बदहाल मापदंड शून्य वसूली जारी जनता लुट रही है प्रशासन चुप क्यों?- प्रभात

मैहर जबलपुर दर्पण । ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी (दद्दा) ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों और विवादित टोल वसूली को लेकर प्रशासन एवं जिम्मेदार विभागों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि जिस सड़क पर चलना तक मुश्किल हो, वहां टोल वसूली किस आधार पर की जा रही है? प्रभात द्विवेदी का आरोप है कि टोल संचालन के लिए जो निर्धारित मापदंड, गुणवत्ता मानक और सड़क की स्थिति संबंधी शर्तें होती हैं वे पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। इसके बावजूद टोल संचालक प्रतिदिन हजारों वाहनों से वसूली कर रहे हैं और प्रशासन मौन बना हुआ है । उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि वाहनों का नुकसान, दुर्घटनाएं और भीषण जाम आम बात हो चुकी है। इसके बावजूद न तो मरम्मत का कोई काम, न ही टोल वसूली पर रोक यह जनता के साथ खुली लूट है। जब सड़क ही तय मानकों पर नहीं तो वसूली किस कानून के तहत की जा रहीहै । प्रभात द्विवेदी का कहना है कि टोल वसूली तभी वैध होती है जब सड़क पूरी तरह मानकों पर खरी हो नियमित मरम्मत हो यात्रियों को सुरक्षित व सहज मार्ग मिले। लेकिन वर्तमान स्थिति में यह सभी शर्तें कागज़ों में ही पूरी होती दिख रही हैं ज़मीन पर नहीं। प्रशासनिक उदासीनता पर कड़ा प्रहार करते हुये प्रभात दद्दा ने कहा कि जिले के जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर आंखें मूंदे बैठे हैं। द्विवेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क सुधार व टोल व्यवस्था की जांच नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी।



