प्रदेश के युकां उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह का हुआ भव्य स्वागत

सीधी जबलपुर दर्पण । मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू आज पहली बार अपने गृह क्षेत्र सीधी पहुंचे, जहां उनका कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह भव्य स्वागत किया। सुबह से ही युवाओं के बीच में जिले भर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। देवेंद्र सिंह दादू के स्वागत में युवाओं, कार्यकर्ताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने फूल मालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिवादन किया। स्वागत जुलूस में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और युवा शक्ति देवेंद्र दादू के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान दादू ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे सीधी जिले के युवाओं का सम्मान है। मैं प्रदेश में युवाओं की आवाज को और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा। सीधी आगमन के अवसर पर रीवा से सीधी तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-माला एवं उपहार देकर सम्मानित किया एवं कई जगह स्वागत समारोह आयोजित किए गए। स्थानीय नेतृत्व ने उनके चयन को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। पद ग्रहण के बाद यह उनकी पहली जिला यात्रा है, जिससे कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। युवा कांग्रेस के संगठन विस्तार और आने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। यह दौरा आने वाले समय में युवा कांग्रेस की रणनीति और जिले में संगठन की मजबूती के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।



