उमरियापान में बस चालकों की मनमानी से बढ़ी जाम की समस्या, मेन रोड पर ही हो रही लोडिंग-अनलोडिंग

सतीश चौरसिया उमरियापान । उमरियापान में बस चालकों की मनमानी के चलते यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है । बस स्टैंड होने के बावजूद कई बस चालक बसों को स्टैंड के अंदर खड़ा करने के बजाय झंडा चौक मेन रोड पर ही खड़ी कर सवारियों की लोडिंग-अनलोडिंग कर रहे हैं । इससे आए दिन मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है और राहगीरों सहित स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
बसों के सड़क पर खड़े होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है । खासकर रविवार को स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने में काफी दिक्कत होती है । कई बार तो लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है ।
जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा बस चालकों को कई बार समझाइश दी जा चुकी है कि सभी बसें बस स्टैंड के अंदर ही खड़ी करें और झंडा चौक पर केवल सवारियों को चढ़ाने-उतारने के लिए ही थोड़ी देर के लिए बस रोकें । इसके बावजूद कई बस चालक नियमों की अनदेखी करते हुए खुलेआम सड़क पर ही बसें खड़ी कर रहे हैं ।
पूर्व में नितिन कमल, जो उस समय उमरियापान थाना के थाना प्रभारी थे, उन्होंने भी बस चालकों को सख्त निर्देश दिए थे कि बसों को बस स्टैंड के अंदर ही खड़ा किया जाए और नगर के मुख्य मार्ग पर अनावश्यक रूप से बसें खड़ी न की जाएं । कुछ समय तक व्यवस्था सुधरी भी थी, लेकिन अब फिर से स्थिति पहले जैसी हो गई है ।
स्थानीय जन और व्यापारियों ने थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बस चालकों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाए । साथ ही नियमित निगरानी कर बसों को बस स्टैंड के अंदर खड़ा कराया जाए, ताकि नगर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सकें ।



