निगमायुक्त ने तंग गलियों और बस्तियों में पैदल घूमकर परखीं व्यवस्थाएं, सौंदर्यीकरण और जल संरक्षण पर दिया जोर

जबलपुर दर्पण | 20 मार्च नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार आज सुबह शहर की जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लेने सड़कों पर उतरे। उन्होंने संभाग क्रमांक 8 भानतलैया के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल मुख्य मार्गों, बल्कि बस्तियों और संकरी गलियों में पैदल भ्रमण कर सफाई, पेयजल आपूर्ति और अधोसंरचना विकास कार्यों की बारीकी से जानकारी ली।
आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने क्षेत्रीय निवासियों से संवाद किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि मूलभूत सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा जल आपूर्ति और नालियों की स्थिति को बेहतर ढंग से व्यवस्थित किया जाए ताकि आम नागरिकों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
पार्कों का कायाकल्प और वाटर हार्वेस्टिंग
वार्डों के भ्रमण के पश्चात निगमायुक्त गांधी भवन उद्यान एवं संगम कॉलोनी स्थित ‘दादा-दादी पार्क’ पहुँचे। उन्होंने उद्यानों के रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए इनके सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए उन्होंने पार्कों में सोकपिट बनाने के निर्देश दिए, जिससे वर्षा जल का संचयन हो सके और भू-जल स्तर में सुधार आए। इस अवसर पर निगमायुक्त ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किये।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
इस निरीक्षण के दौरान पार्षद श्रीमती अनीता जाट एवं पूर्व पार्षद सतवीर जाट के साथ अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन यादव, अनिल बारी, पोला राव, संभागीय यंत्री पंकज अवस्थी, अनुराग पाठक, दीप्ति भानरिया, अमन तिवारी,सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षक आदि भी साथ रहे।



