छात्रावास में सीट बढ़ाने की मांग: आदिवासी क्षेत्र की छात्राओं ने विधायक को लिखा पत्र

सतीश चौरसिया उमरियापान । आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र सिलौंडी के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह को पत्र लिखकर छात्रावास में सीट बढ़ाने की मांग की है । छात्राओं ने पत्र में बताया कि वर्तमान में छात्रावास की स्वीकृत क्षमता 150 सीट है, जिसमें कक्षा 10वीं तक की छात्राएं निवासरत हैं ।
छात्राओं का कहना है कि यह छात्रावास दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की बालिकाओं के लिए शिक्षा का प्रमुख सहारा है । ऐसे में सीटों की कमी के कारण कई छात्राएं आगे की पढ़ाई से वंचित हो रही हैं ।
बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं की लगभग 28 छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं, जो आगे की पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं, लेकिन छात्रावास में जगह नहीं होने और बजट स्वीकृत न होने के कारण उनके रहने की व्यवस्था संभव नहीं हो पा रही है ।
छात्राओं ने पत्र में उल्लेख किया कि अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं, जिससे वे शहर में रहकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हैं । वहीं गांवों में यातायात की सुविधा भी पर्याप्त नहीं है, जिसके चलते छात्राओं के सामने शिक्षा जारी रखना बड़ी चुनौती बन गया है ।
छात्राओं ने विधायक से मांग की है कि छात्रावास में कम से कम 25 सीटों की वृद्धि की जाए, ताकि जरूरतमंद बालिकाओं को आवासीय सुविधा मिल सके और वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें ।
छात्राओं ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सीटें नहीं बढ़ाई गईं, तो कई बालिकाओं की पढ़ाई बीच में ही छूट सकती है, जिससे बालिका शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा ।



