स्वच्छता के दावों की खुली पोल: जबलपुर के बाजारों में गंदगी का अंबार

जबलपुर दर्पण । एक ओर नगर निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में गंदगी के हालात इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। बड़े बाजार, जुड़ी तलैया, फुटाताल रोड, लैया मार्केट और गलगला जैसे व्यस्त इलाकों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से लचर दिखाई दे रही है।
इन क्षेत्रों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि जहां एक ओर दीवारों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक वॉल पेंटिंग की गई है, वहीं उन्हीं स्थानों के आसपास गंदगी फैली हुई है, जो व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने के कारण बदबू और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इन क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई कराई जाए और स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए।
नगर निगम की इस लापरवाही से नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस ओर कब तक ध्यान देता है और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के अपने वादों पर कितना खरा उतरता है।



