जबलपुर का गौरव: डॉ. मयूर जैन को ब्रिटिश संसद में सम्मान, ऑक्सफोर्ड से आमंत्रण

जबलपुर दर्पण । शहर के प्रसिद्ध होम्योपैथिक एवं सुजोक चिकित्सक डॉ. मयूर जैन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और सम्मानित अवसर प्राप्त हुआ है। जर्मनी और दुबई के बाद अब ब्रिटिश संसद में मिलने वाला यह उनका तीसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मान होगा। उन्हें ब्रिटेन की संसद (ब्रिटिश पार्लियामेंट) और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े प्रतिष्ठित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 10 अप्रैल 2026 को लंदन में ब्रिटिश संसद परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न देशों के चिकित्सा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और स्वास्थ्य नीति से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
डॉ. मयूर जैन को यह निमंत्रण मर्टन कॉलेज, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वरिष्ठ अकादमिक डॉ. निकिता वेद की ओर से भेजा गया है। होम्योपैथी और समग्र चिकित्सा के क्षेत्र में उनके कार्य और समाज के प्रति योगदान को देखते हुए उन्हें इस वैश्विक मंच पर आमंत्रित किया गया है।
सम्मेलन के दौरान डॉ. जैन ब्रिटिश सांसद शिवानी राजा, बैरोनेस वर्मा तथा लॉर्ड रवल सहित अंतरराष्ट्रीय नीति-निर्माताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ विचार साझा करेंगे। यह आयोजन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी सचिवालय और इंडिया ऑल-पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
डॉ. मयूर जैन ने कहा कि इस मंच पर आमंत्रण मिलना न केवल उनके लिए बल्कि जबलपुर और पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि वे इस अवसर पर भारतीय चिकित्सा ज्ञान परंपरा और समग्र स्वास्थ्य पद्धतियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेंगे।
इस उपलब्धि से जबलपुर के चिकित्सा जगत में उत्साह का माहौल है और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



