श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ निकाली भगवान शिव की बारात, देवी भागवत कथा में संपन्न हुआ शिव-पार्वती विवाह

सतीश चौरसिया उमरियापान । नेगई ग्राम में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत पुराण कथा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह प्रसंग का भव्य आयोजन किया गया । इस अवसर पर कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु शिव-पार्वती विवाह के दिव्य दृश्य को देखकर भाव-विभोर हो उठे ।
भक्ति में डूबी शिव बारात- जैसे ही भगवान शिव की बारात निकाली गई, पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा । गाजे-बाजे और भक्तिमय धुनों के साथ निकली इस भव्य बारात में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हुए । बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने शिवभक्ति में लीन होकर नृत्य किया और बारात को जीवंत बना दिया ।
धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न- कथा के दौरान विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का विवाह संस्कार संपन्न कराया गया । कथावाचक पंडित रुद्रांश शास्त्री जी ने बताया कि शिव-पार्वती का यह दिव्य मिलन प्रकृति और पुरुष के पावन संयोग का प्रतीक है, जो समस्त सृष्टि के कल्याण के लिए हुआ ।
कार्यक्रम के समापन पर भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया ।



