शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित

सतीश चौरसिया उमरियापान । शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरती धुर्वे की अध्यक्षता एवं कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण रैली, भाषण प्रतियोगिता, जल गंगा संवर्धन कार्यशाला एवं पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया ।
कार्यशाला के अंतर्गत उमरियापान वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय मिश्रा ने जल संरक्षण के उपायों एवं वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला । वहीं डॉ. अभिलाषा चौरसिया ने पृथ्वी में निरंतर घटते भू-जल स्तर, बढ़ते तापमान और उसके पारिस्थितिक तंत्र पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी ।
रहवर रजा मंसूरी ने पीने योग्य जल की कमी एवं बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया । कार्यक्रम के अंत में डॉ. दीपिका जैन द्वारा सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी गई ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे और सभी ने सक्रिय सहभागिता निभाई ।



