बस स्टैंड बना ‘मिनी बार’ ? शराब दुकान और अवैध अहातों के खिलाफ सड़कों पर उतरा भगवती मानव कल्याण संगठन
जबलपुर दर्पण । जबलपुर के दीनदयाल अंतरराज्यीय बस स्टैंड में संचालित शराब दुकान और कथित अवैध अहातों के विरोध में गुरुवार को भगवती मानव कल्याण संगठन ने जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से थाना माढ़ोताल तक रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की । संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि दीनदयाल अंतरराज्यीय बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर शराब दुकान का संचालन यात्रियों, महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उनका कहना था कि जहां रोजाना हजारों यात्री आते-जाते हैं, वहां शराब बिक्री और अवैध अहातों का खुलेआम संचालन प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है । प्रदर्शन के दौरान संगठन ने चेतावनी दी कि यदि बस स्टैंड से शराब दुकान नहीं हटाई गई और अवैध अहाते बंद नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी । इधर प्रदर्शन के बाद संगठन के सदस्यों ने बस स्टैंड परिसर के बाहर दबिश देकर चार पेटी अवैध शराब पकड़ी और एक आरोपी को भी पकड़ लिया। मामले की सूचना थाना विजयनगर पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी और शराब को जब्त कर विधिवत कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की । सवाल अब यही उठ रहा है कि आखिर अंतरराज्यीय बस स्टैंड यात्रियों की सुविधा का केंद्र है या शराब कारोबारियों का सुरक्षित अड्डा? प्रशासन की चुप्पी फिलहाल कई सवालों को जन्म दे रही है।
