निगमायुक्त ने की 6 विभागों के कार्यों की समीक्षा, प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश

जबलपुर दर्पण । नगर निगम शहर के विकास और जनसुविधाओं को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में आज सुबह-सुबह 10 बजे से निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने एक बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने नगर निगम के 6 प्रमुख विभागों के कार्यों की सघन समीक्षा की।
बैठक के दौरान निगमायुक्त अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता के साथ करें। उन्होंने प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स और जनहित के कार्यों को एक निश्चित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ समय पर काम पूरा करें।
समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं और लोक कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की बारीकी से जांच की गई। मानसून और बदलते मौसम को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, फॉगिंग और कचरा प्रबंधन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए वहीं
गर्मी के मौसम में शहर के किसी भी कोने में पानी की किल्लत न हो, इसके लिए जल प्रदाय नेटवर्क और सुचारू आपूर्ति की समीक्षा की गई।
बैठक में राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
जनता की शिकायतों के निवारण में तेजी लाने और बैठक में निगमायुक्त द्वारा एल-1 स्तर पर ही समस्याओं के संतुष्टिपूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को मुस्तैद रहने को कहा गया।
रेहड़ी-पटरी और छोटे दुकानदारों को आत्मनिर्भर बनाने वाली पी एम स्वनिधि योजना के तहत लोन वितरण और प्रगति की समीक्षा की गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा सूक्ष्म उद्यमियों को संबल मिल सके।
शहर की सफाई, पानी और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक तेजी और पारदर्शिता देखने को मिलेगी, जिससे सीधे तौर पर आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने अपने कार्यों को तत्परता से करें। उन्होंने ईद पर्व पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के भी कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साफ सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को व्यवस्थित करें।


