शालेय जूडो स्पर्धा के पहले दिन बेटियों का दबदबा; इर्तिका, अनिका, अफशीऩ और धानी ने हासिल की जीत

जबलपुर दर्पण । जिला शिक्षा अधिकारी, जबलपुर के मार्गदर्शन एवं नर्मदा नर्सरी तथा वल्लभ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हनुमानताल के संयोजन में जिला स्तरीय शालेय बालक एवं बालिका (14, 17 एवं 19 वर्ष) जूडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ आज 16 जुलाई को हुआ। इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों के लगभग 275 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री नवनीत महेश्वरी (संचालक, नर्मदा कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस एवं नर्मदा शिक्षण महाविद्यालय) उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती सुनीता महेश्वरी (संचालक, नर्मदा ग्रुप), श्री प्रभाव महेश्वरी (सह-संचालक) एवं श्री विभव महेश्वरी (सह-संचालक) ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के पहले दिन सुबह से ही विभिन्न संकुलों और विद्यालयों से आए खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रभारियों की भारी भीड़ जमा रही। वरिष्ठ कार्यालय के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए आज सभी प्रतिभागियों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, पिछले 3 वर्षों की अंकसूची, समग्र आईडी, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ जैसे आवश्यक दस्तावेजों का गहनता से सत्यापन किया गया। संस्था के प्राचार्यों द्वारा सत्यापित प्रतियों की जांच के बाद ही खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में प्रवेश की पात्रता दी गई। वरिष्ठ जूडो कोच आबिद हुसैन खान के तकनीकी निर्देशन में रेफरी पैनल ने खिलाड़ियों के वजन (वेट केटेगरी) की प्रक्रिया पूरी कराई, जिसके तुरंत बाद विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले शुरू हुए। वरिष्ठ कोच श्री खान ने बताया कि आज पहले दिन बालिका वर्ग (14, 17 एवं 19 वर्ष) की प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं, वहीं कल (17 जुलाई) बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
पहले दिन के मुख्य परिणाम:
बालिका वर्ग (14 वर्ष): -23 किग्रा में आकांक्षा रजक (नर्मदा नर्सरी),-27 किग में महिमा कोरी (ग्रेसियस स्कूल),-32 किग्रा में इर्तिका कशफ़ (लिटिल चैम्प), -36 किग्रा में जोबिया फातिमा (लिटिल चैम्प), -40 किग्रा में वैष्णवी शुक्ला (मालपानी स्कूल) , -44 किग्रा में सौम्या पटेल (मेरीडियन स्कूल) , +44 किग्रा में अर्पिता मेहरा (आदित्य कॉन्वेंट) आदि विजेता रहे।
बालिका वर्ग (17 वर्ष):
-36 किग्रा में अन्वी लोधी (शा. स्कूल पनागर), -40 किग्रा में अनिका चौरसिया (रेयान इंटरनेशनल), -44 किग्रा में अफ़शीन फातिमा (लिटिल चैम्प) , -48 किग्रा में जानवी गौर (शा. स्कूल सूजीपुरा) , -52 किग्रा में आयशा शाह (खालसा स्कूल),-63 किग्रा में सोमिया सिद्दीकी (लिटिल चैम्प), -70 किग्रा में कीर्ति अहिरवार (मॉडल हाई ), +70 किग्रा में खुशी यादव (मॉडल हाई) आदि विजेता रहे।
बालिका वर्ग (19 वर्ष):
-36 किग्रा में धानी बर्मन(रानी दुर्गावती), -40 किग्रा में नव्या अग्रवाल (बाबू मनमोहन दास), -44 किग्रा में जिया गौर (सांदीपनी अधारताल) , -48 किग्रा में नेमत अंजुम (मॉडल हाई) , -52 किग्रा में समायरा शाह (कॉन्वेंट स्कूल),-57 किग्रा कुलसुम शाह (खालसा स्कूल), -63 किग्रा में सपना चौधरी (रानी दुर्गावती), -70 किग्रा में सिमरन बर्मन (रानी दुर्गावती ), +70 किग्रा में कोशिका यादव (मॉडल हाई) आदि विजेता रहे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विभाग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक के रूप में श्रीमती माधुरी शर्मा एवं श्रीमती प्रियंका खरे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। वहीं, मैचों को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने में निर्णायक (रेफरी) के रूप में एडवोकेट अताउर्रहमान अंसारी, ज्ञान भूषण दुबे, तावेज अली, नौशीन अंजुम, सारका अंजुम और ताजवर अंजुम आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



