लाड़ली बहनों से वादाखिलाफी पर कांग्रेस ने साधा निशाना

सिवनी जबलपुर दर्पण । जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेश मरावी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लाड़ली बहना योजना को लेकर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार अक्टूबर माह में लाड़ली बहनों के खातों में 1500 रुपये आने थे, परंतु आज दिनांक तक यह राशि प्राप्त नहीं हुई है।
श्री मरावी ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि दीपावली और भाई दूज से पहले बढ़ी हुई 250 रुपये की राशि का वादा मुख्यमंत्री ने किया था, लेकिन अब तक भुगतान न होने से बहनों में निराशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “मोहन यादव सरकार लगातार कर्ज लेकर योजनाएँ चला रही है और प्रदेश को ऋण के बोझ में डुबो रही है। मुख्यमंत्री के पास प्रदेश को कर्जमुक्त करने की कोई ठोस रणनीति नहीं है।”
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार के पास घोषणाएँ पूरी करने की क्षमता नहीं है तो जनता से झूठे वादे नहीं करने चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अनेक घोषणाएँ की थीं — जिनमें लाड़ली बहनों को ₹3000 प्रतिमाह, किसानों को धान का ₹3100 और गेहूँ का ₹2700 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य, किसानों की बिजली बिल माफी और आम नागरिकों की बिजली दरों में 50% कटौती शामिल थी — लेकिन अधिकांश घोषणाएँ आज तक अधूरी हैं।
श्री मरावी ने कहा कि “झूठे वादे कर वोट लेना भारतीय जनता पार्टी की आदत बन चुकी है।” उन्होंने कहा कि 2018 में कमलनाथ सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया, फसलों का उचित दाम दिया, बिजली बिल हाफ किया और दिव्यांग, वृद्ध, कल्याणी सहित सामाजिक न्याय पेंशन को ₹300 से बढ़ाकर ₹600 किया।
उन्होंने कहा कि आज भी वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशन प्राप्त करने वाले जरूरतमंदों को मात्र ₹600 मिल रहे हैं, जबकि उन्हें भी लाड़ली बहनों के समान ₹1250-₹1500 मासिक सहायता दी जानी चाहिए।



