कमिश्नर शहडोल की अध्यक्षता में माँ नर्मदा मंदिर उद्गम ट्रस्ट की बैठक सम्पन्न


ट्रस्ट कार्यालय एवं वर्किंग कमिटी के सम्बंध में लिए गए निर्णय
ट्रस्ट की आय बढ़ाने के सम्बंध में बनी कार्ययोजना
अनूपपुर विकास ताम्रकार की रिपोर्ट
कमिश्नर शहडोल संभाग नरेश पाल की अध्यक्षता में सर्किट हाउस अमरकंटक में माँ नर्मदा मंदिर उद्गम ट्रस्ट की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट की आय बढ़ाने एवं बेहतर वित्तीय प्रबंधन हेतु विविध आयामों पर चर्चा की गयी। बैठक में विधायक पुष्पराजगढ़ फ़ुँदेलाल सिंह मार्को, कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत मिलिंद नाग़देवे, वनमंडलाधिकारी अधर गुप्ता , नपाध्यक्ष प्रभा पनाड़िया सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य/प्रतिनिधि एवं सम्बंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ट्रस्ट की गतिविधियों को विधिवत रूप से संचालित करने हेतु व्यवस्थित कार्यालय एवं स्टॉफ रखा जाय। दैनिंदिन गतिविधियों को सहूलियत से संचालित करने के लिए एसडीएम पुष्पराजगढ़ एवं सीएमओ अमरकंटक को निर्धारित सीमा में वित्तीय शक्तियाँ प्रदान की जाएँ। बैठक में सीएमओ अमरकंटक पवन साहू द्वारा ट्रस्ट की आय-व्यय एवं अद्यतन वित्तीय स्थिति का ब्योरा दिया गया। सीएमओ ने बताया कि पूर्व ट्रस्ट बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार माँ नर्मदा मंदिर में चढ़ावे में आने वाले ज़ेवरातों एवं माँ के आभूषण का भौतिक सत्यापन का कार्य ज़ारी है। आपके द्वारा उक्त कार्यवाही की वर्तमान स्थिति से कमिश्नर श्री पाल को अवगत कराया गया। माँ नर्मदा मंदिर में पुजारियों की व्यवस्था के सम्बंध में विस्तृत चर्चा की गयी। जिस पर कमिश्नर श्री पाल द्वारा कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में समिति गठित कर यथोचित समाधान के सम्बंध में निर्णय लेने के निर्देश दिए गए। उक्त समिति द्वारा मंदिर में प्राप्त चढ़ावे के प्रबंधन के सम्बंध में नीति निर्धारित की जाएगी। बैठक में माँ नर्मदा मंदिर भोग महाप्रसाद, नारियल लड्डू, नर्मदा कुंड जल, माँ नर्मदा को चढ़ी हुई साड़ियों के श्रद्धालुओं को विक्रय करने की व्यवस्था के सम्बंध में निर्णय लिए गए। ट्रस्ट की आय बढ़ाने हेतु उक्त सामग्रियों की बेहतर वितरण व्यवस्था के लिए महाकालेश्वर मंदिर जैसे अन्य प्रतिष्ठित धार्मिक संस्थानो की व्यवस्था का अध्ययन कर आवश्यक सुविधाएँ करने के निर्देश कमिश्नर श्री पाल द्वारा दिए गए। अमरकंटक क्षेत्र के समग्र विकास एवं अन्य धार्मिक स्थलों जालेश्वर मंदिर, सोनमूँड़ा आदि को भी ट्रस्ट के अधिकार क्षेत्र में लाकर व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने कमिश्नर श्री पाल को ट्रस्ट की बैठक में लिए गए निर्णय पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही।



