किल कोरोना अभियान के तहत घर-घर हो रहा है सर्वे

सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ हो तो जानकारी देंःकलेक्टर
पन्ना। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के नगरीय एवं ग्रामीण अंचलों में किल कोरोना अभियान के तहत घर-घर सर्वे का कार्य सतत रूप से किया जा रहा है। एक जुलाई से अब तक 5 लाख 42 हजार 841 लोगों का सर्वे किया जा चुका है। इनमें लगभग 4 हजार लोग सर्दी, जुखाम से पीडित पाए गए। इन सभी को उपचार उपलब्ध कराया गया है। इनमें संदेह के आधार पर 415 लोगों का अब तक सैम्पल लिया जा चुका है। यह कार्यवाही 15 जुलाई तक निरंतर जारी रहेगी। गठित किए गए सर्वे दलों के पास नाॅन कान्टेक्ट थर्मामीटर, पल्स आक्सीमीटर के साथ अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। जिससे आसानी से कोरोना मरीजों का सर्वे किया जा सके। कलेक्टर श्री शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि यदि आपके आसपास किसी व्यक्ति को सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ है तो निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र या प्रशासनिक अधिकारी को इसकी जानकारी दें। इसके अलावा हेल्पलाईन नम्बर 9425383782 पर जानकारी दें। जिले में 180 दल कार्य कर रहे हैं जो प्रतिदिन 18 हजार घरों का सर्वे करेंगे। जिले में कोविड मित्र बनाए गए हैं जो कोविड-19 के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। सर्वे कार्य में अभ्युदय दल के सदस्यों द्वारा सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है। जिससे सर्वे का कार्य सफलतापूर्वक सम्पादित किया जा रहा है।



