गुरुवार 30 जुलाई की रात से 5 अगस्त तक प्रभावी रहेगा आदेश

सतना भीम सिंह। कोरोना वायरस covid 19 के संक्रमण की तेज हुई रफ्तार ने आखिर सतना को भी एक और लॉक डाउन की तरफ धकेल ही दिया। हालांकि अभी यहां शनिवार और रविवार को दो दिन लॉक डाउन पहले से प्रभावी है लेकिन अब एक साथ 6 दिन के लिए लॉक डाउन का आदेश लोक जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए किए जाने का आदेश दे दिया गया है। यह लॉक डाउन आदेश 30 जुलाई गुरुवार की रात 12 बजे से प्रभावी होगा। यानी गुरुवार को दिन में सब खुला रहेगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अजय कटेसरिया ने सतना में 6 दिन के लॉक डाउन का आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश 30 जुलाई गुरुवार की रात 12 बजे से 5 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। यानी बकरीद,रक्षाबंधन और कजलियां के त्योहार भी लॉक डाउन में ही मनेंगे। हालांकि इस अवधि के बीच ही शनिवार और रविवार को होने वाले वीकली लॉक डाउन भी पड़ेंगे। स्पष्ट यह भी है कि इस नए लॉक डाउन की 6 दिन की अवधि के अलावा शनिवार और रविवार को रहने वाला सप्ताह में दो दिन का लॉक डाउन भी जारी रहेगा। लॉक डाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने उनसे संबंधित अन्य कामकाज चलते रहेंगे। इस बार सब्जी मंडी पूर्णतः बंद रहेगी लेकिन ठेले वाले बिक्री कर सकेंगे।
गौरतलब है कि सतना शहर समेत जिले भर में कोरोना वायरस के संक्रमण में तेजी आई है। अब तक जिले में कोरोना से 9 मौतें हो चुकी हैं। मंगलवार को एक ही दिन में एक साथ 28 नए मरीजों के मिलने के बाद बुधवार की सुबह भी मैहर में मिले 6 केसों के बाद सतना में एक्टिव केसों का आंकड़ा भी जबरदस्त तेजी से उछला है। प्रशासन लगातार स्थितियों की समीक्षा कर रहा था और संक्रमण की चेन रोकने के लिए लॉक डाउन का प्लान भी तैयार कर लिया गया था लेकिन जिले के जन प्रतिनिधियों की सतना में उपलब्धता न होने के कारण पहले इस पर निर्णय नही लिया जा सका था। जन प्रतिनिधियों के आने पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने उनसे तथा क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों के साथ इस बारे में चर्चा की और निर्णय ले कर आदेश जारी कर दिया। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद प्रशासन 6 दिन के लॉक डाउन पर विचार ही कर रहा था कि इधर शहर समेत जिले भर में लॉक डाउन लागू किये जाने की अफवाह पहले ही उड़ा दी गई। कलेक्टर का आदेश भी लॉक डाउन पर नही आया था लेकिन सोशल मीडिया पर किन्ही शरारती तत्वों ने कलेक्टर का हवाला देकर एक फर्जी मैसेज वायरल कर दिया जिसमें 30 जुलाई से 4 अगस्त तक 6 दिन के लॉक डाउन आदेश जारी किए जाने के जिक्र था। इस अफवाह को पंख लगे तो बाजार में कीमतों ने भी आसमान का रुख करना शुरू कर दिया। सबसे पहले पान मसाला ,गुटखा के रेट बढ़ाये गए। अफवाह के कारण दुकानों में लोगो की लगी रही भीड



