खिलाड़ियों ने की अनोखी शस्त्र पूजा


खेल खिलाड़ियों के प्रोत्साहन का प्रस्तुत किया उदाहरण
मंडला। जरूरी नहीं कि दशहरे में बंदूक ,तमंचे या फिर तीर, तलवारों की ही पूजा की जाए एक खिलाड़ी के लिए खेल के उपकरण और मैदान कितना महत्व रखते हैं इसका उदाहरण दिखा मंडला के महात्मा गांधी मैदान में जहां करीब 200 खिलाड़ियों ने अपने अपने खेल उपकरण और मैदान की दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजा की तर्ज पर पूरी श्रद्धा के साथ आराधना की और मां शक्ति से यह दुआ मांगी कि खेल प्रतिभाएं मंडला जिले से आगे बढ़े और किसी सितारे की भांति देश और दुनिया में चमके।
दशहरे के अवसर पर शस्त्र पूजन का महत्व है नवमी तिथि को शस्त्रों की पूजा पूरी विधि विधान से पुरातन काल से की जाती रही है लेकिन मंडला जिले के खिलाड़ी अपनी अनूठी पूजा के लिए जाने जाते हैं इनके द्वारा बीते कई सालों से अपने खेल उपकरणों के साथ ही खेल मैदान की पूरी विधि विधान से पूजा की जाती है और इस आयोजन के मुख्य सूत्रधार होते हैं खेल और खिलाड़ियों को हमेशा प्रोत्साहित करने वाले शैलेश दुबे जिन्होंने एक बार फिर महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राउंड में पूजन का आयोजन करवाया और सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को आमंत्रित कर क्रिकेट के बल्ले बॉल से लेकर आर्चरी के तीर कमान और हर एक खेल से जुड़े उपकरणों की पूरे विधि विधान के साथ पूजा की। खिलाड़ियों ने भी इस आयोजन में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया क्योंकि एक खिलाड़ी के लिए उसके खेल उपकरण ही सबसे बड़े आराध्य से कम नहीं क्योंकि यही वह साधन है जिसके बलबूते वे न केवल अपना, पालकों के साथ ही जिले और प्रदेश के साथ ही देश का नाम दुनिया में रोशन करने का माद्दा रखते हैं, शस्त्र पूजन के इस अवसर पर नेशनल बूसू चैंपियन और 15 गोल्ड मेडल प्राप्त पूर्णिमा रजक ने बताया कि इस तरह का आयोजन सिर्फ मंडला में ही होता है और इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ी एक साथ इकट्ठा होकर पूरी एकता के साथ खेल भावना का परिचय देते हुए अपने खेल उपकरणों की पूजा करते हैं। वही आयोजक शैलेश दुबे के अनुसार मंडला जिला कभी भी खेल प्रतिभाओ से अछूता नहीं रहा और यह जिले का सौभाग्य है कि हमारे यहां से जो खिलाड़ी हुए हैं उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया है जो मैदान या खेल उपकरणों के बिना संभव हो ही नहीं सकता ऐसे हर साल संयुक्त रूप से मिलकर जो पूजा की जाती है,इस माध्यम से हर एक खिलाड़ी दूसरे खिलाड़ी से परिचित होता है और उन्हें मिलकर कुछ नई बातें सीखने और जानने को भी मिलती है, शस्त्र पूजन के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे और इस अनोखी शस्त्र पूजा की सभी ने सराहना की क्योंकि यही वे उपकरण है जिनके चलते मंडला जिले का नाम देश दुनिया में छाया रहता है।



