खरीदी केंद्रों में पसरा सन्नाटा, नहीं पहुंच रहे केंद्रों तक किसान

किसानों की उपज को अनामानक बताकर नहीं कर रहे खरीदी।
डिंडोरी दर्पण ब्यूरो। जिले भर में इन शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है, लेकिन जिले के अधिकतर धान केंद्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है। गौरतलब है कि किसानों की उपज को अनामानक बताकर केंद्र प्रभारी धान की खरीदी नहीं कर रहे हैं, जिससे किसानों की परेशानी और भी बड़़ती जा रही है।गौरतलब है कि जिले भर में धान की फसल की कटाई का कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं, अब किसान केंद्रों में धान बेचने की तैयारी में है ,लेकिन किसानों के धानों को गुणवत्ता हीन बताकर प्रबंधकों द्वारा धान खरीदी से मना किया जा रहा है, जिससे जिले भर के अधिकतर किसान फिलहाल खरीदी केंद्रों से दूरी बनाए हुए हैं। बताया गया कि खरीदी केंद्र शुरू होने के लगभग एक महीने बाद भी जिले के अधिकतर धान खरीदी केंद्रों में सन्नाटा ही पसरा हुआ है,किसान खरीदी केंद्रों से दूरी बनाए हुए हैं। सूत्रों की माने तो डिंडोरी गोदाम से घटिया स्तर की धान भेजने पर वापस धान खरीदी केंद्र लौटा दिया गया है, जिससे किसान परेशान व चिंतित नजर आ रहे हैं। धान खरीदी केंद्रों से खरीदी ना हो पाने के चलते किसान कम कीमत पर क्षेत्रीय बाजार व दुकानदारों को अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर हैं। जिले के किसानों ने शासन प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस पहल कर कार्यवाही की मांग की गई है।



