जिलेवासियों के लिए अच्छी खबर ! जल्द प्रारंभ होगा बायपास डेंजर रोड़ सड़क चौड़ीकरण का कार्य

3 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनेगी 12 मीटर चौड़ी सड़क
बालाघाट में वैनगंगा पुल के पास से जागपुरघाट तक बनी डेंजर रोड के चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा। जिससे बड़े व भारी वाहनों को बालाघाट शहर में नहीं आना पड़ेगा और वे इस नये मार्ग से वैनगंगा पुल के पास से सीधे गोंदिया रोड पर सुगमता से निकल सकेंगें। लगभग 3 किलोमीटर लंबाई की डेंजर रोड को चौड़ी कर 12 मीटर चैड़ाई की सड़क बनाई जायेगी। इस कार्य के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। सड़क चौड़ीकरण के इस कार्य का टेंडर स्वीकृति के लिए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को भेज दिया गया है। टेंडर की स्वीकृति मिलते ही डेंजर रोड़ के चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा। सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए सड़क के दोनों ओर सीमेंट-कांक्रीट के पोल लगाकर चिन्हांकन कर दिया गया है।
450 पेड़ों को काटने की अनुमति, लेकिन केवल जरूरी पेड़ ही काटे जायेंगें
कलेक्टर दीपक आर्य ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि वे डेंजर रोड़ के चौड़ीकरण कार्य के लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करायें और इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ करायें। इस सड़क के चौड़ीकरण के दौरान इस बात का ध्यान रखा जाये कि जो पेड़ काटना बहुत जरूरी हो, उन्हें ही काटा जाये। इस सड़क के चौड़ीकरण कार्य के लिए वन विभाग से 450 पेड़ों को काटने की अनुमति प्राप्त हो चुकी है। लेकिन इतनी संख्या में पेड़ नहीं काटे जायेंगें। केवल वही पेड़ काटे जायेंगें, जिन्हें काटना बहुत जरूरी होगा। ऐसे पेड़ों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी संख्या 50 से 70 के बीच होगी।



