एसडीएम के साथ हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

स्कूलों में व्यवस्था करें पुख्ता, ग्राउंडों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। विकासखंड शहपुरा के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा प्रभारी प्राचार्यों की समीक्षा बैठक अनुविभागीय अधिकारी शहपुरा अंजू अरुण विश्वकर्मा द्वारा जनपद पंचायत शहपुरा के सभाकक्ष में बैठक ली गई। बैठक में शालाओं की जमीन पर किए गए अतिक्रमणों की जानकारी के साथ शालाओं में पेयजल व्यवस्था , विद्युत व्यवस्था , बाउंड्री वाल सहित खेल के मैदान की उपलब्धता एवं एसएमडीसी फंड में उपलब्ध राशि और उसके आवश्यक उपयोग की योजना पर चर्चा की गई। अनुविभागीय अधिकारी ने निर्देश दिए कि शालाओं की भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके इसके लिए शालाओं में आर आई तथा पटवारियों को भेजकर सीमांकन कराया जा रहा है, सभी शाला प्रभारी अपनी संस्था की भूमि का सीमांकन कराएं , शालाओं के एसएमडीसी फंड में उपलब्ध राशि का विद्यार्थियों के हित में सदुपयोग हो यह सुनिश्चित करें।शालाओं को इस राशि से लाइब्रेरी तथा प्रयोगशाला तैयार करने व अपडेट करने तथा आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसएमडीसी फंड की राशि का करें उचित उपयोग।
बैठक में बताया गया कि जिन संस्थाओं में अतिरिक्त कक्ष व बाउंड्री वाल की आवश्यकता है उनके लिए निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव विभाग को दिए जाने हेतु निर्देशित किया गया , इन कार्यों में अपने कार्यालय स्तर से हर संभव सहायता एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया गया।कोरोना काल में लंबे समय के बाद कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास खोले गए हैं ,जिनमें विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु कोरोना प्रोटोकॉल एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने हेतु कहा गया , साथ ही संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वह अपने संकुल में संचालित प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों की मोहल्ला कक्षा का प्रतिदिन निरीक्षण करें।उन्होंने शिक्षकों के मनमाने ढंग से मोहल्ला कक्षा में विलंब से पहुंचने या अनुपस्थित रहने की शिकायतों को गंभीरता से लिया तथा कड़ी कार्यवाही किए जाने की बात कही है , इस हेतु बीआरसी शहपुरा को स्वयं के साथ जन शिक्षकों एवं अन्य मानीटरिंग अमले को सक्रिय करने को कहा गया।बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी शहपुरा संजय सिंह तोमर , बीआरसी जीपी साहू , बीएसी कृष्ण कुमार अग्रवाल तथा विकासखंड के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के लगभग 31 प्राचार्य व प्रभारी प्राचार्य मौजूद रहे।


