देवलपुर में रोजगार सहायक की बहाली का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन मुर्दाबाद के लगाए गए नारे।
भ्रष्टाचार में व्याप्त रोजगार सहायक की सेवा समाप्ति के बाद पुनः बहाली को लेकर लामबंद थे ग्रामीण।

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के समनापुर जनपद अंतर्गत देवलपुर ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार में व्याप्त रोजगार सहायक की सेवा समाप्ति के बाद पुनः बहाली को लेकर स्थानीय ग्रामीण लामबंद है। प्रदर्शनकारियों ने कल शुक्रवार को समनापुर डिंडोरी मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। आरोप है कि भ्रष्टाचारी रोजगार सहायक की शिकायत के बाद जांच सही पाए जाने पर कार्यवाही करते हुए पद से पृथक कर दिया गया था,लेकिन अब पुनः रोजगार सहायक को बाहल कर दिया गया है,जिससे स्थानीय ग्रामीण लामबंद होकर सड़कों में उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस पहुंची और कार्यवाही करते हुए लगभग 18 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जिसमें महिलाएं व पुरुष शामिल हैं। पुलिस बल द्वारा सख्ती दिखाते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को बस में बैठा कर मेडिकल चेकअप के लिए भेज दिया गया,जहां देर शाम तक कार्रवाई जारी रही
- जिला सीईओं मुर्दाबाद के लगाए गए नारे।

समनापुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत देवलपुर के ग्रामीणों द्वारा कल शुक्रवार को सुबह से मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया,रोजगार सहायक की बहाली को लेकर जिला और जनपद पंचायत के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोग दोपहर तक सड़क मैं ही डटे रहे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पुलिस की काफी मशक्कत के बाद भी प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं हुए।बताया गया कि प्रशासन द्वारा उन्हें समझाने तथा आश्वासन देने की काफी कोशिश की गई ,किंतु जब वे नहीं माने तब मुख्यमार्ग पर चक्काजाम करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जो देर शाम तक पुलिस की कानूनी कार्यवाही जारी रही। पुलिस द्वारा दर्जन भर से ज्यादा लोगों को हिरासत में लेने के बाद लोगों की प्रतिक्रिया भी सामने आई है, कुछ लोग गिरफ्तारी को सही बता रहे हैं,तो वही कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई को गलत ठहरा रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर किसी बड़े राजनीतिक दलों के नेताओं की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मामले को लेकर जरूर दिनभर चर्चाएं होती रही।



