जिला कांग्रेस कमेटी डिंडोरी के सहायता केंद्र में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरु की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कांग्रेस कमेटी द्वारा सहायता केंद्र में दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर किया गया। श्रद्धांजलि सभा के पूर्व आधुनिक भारत के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरु के तेलीय चित्र पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, जिला महामंत्री बृजेंद्र दिक्षित, जिला उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष भीम अवधिया, कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश सचिव सुरेंद्र सरैया, कांग्रेस कार्यालय प्रभारी विजय दहिया सहित अन्य कार्यकर्ताओें के द्वारा सूत की माला चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ भारत देश को स्वतंत्र करने एवं आधुनिक भारत के निर्माण का जो सपना देखा था,उस सपने को साकार करने के लिए देश की आजादी से लेकर आजाद भारत को समृद्ध बनाने में पंडित जवाहरलाल नेहरु का अहम योगदान रहा है। आजादी से पहले पंडित नेहरू जी ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई थी, आजादी की लड़ाई के चलते उन्हें अनेकों बार जेल की यातना सहनी पड़ी और भारत के आजाद होने के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शिक्षा, समाज सुधार, आर्थिक क्षेत्र राष्ट्रीय सुरक्षा और औद्योगीकरण सहित कई क्षेत्रों में विकासशील कार्य किए हैं। एआईआई एमएस, आईआई टी, आई आई एम विश्वविद्यालयो की स्थापना की।श्रद्धांजलि सभा के उपरांत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा मास्क का वितरण करते हुए समस्त जिले वासियों से अनिवार्य रूप से मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने सहित अपने आसपास निवासरत समस्त लोगों को कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया।



