अमगवां में आयोजित हुआ कोरोना वेक्सीनेशन कैम्प

विधायक श्री पाण्डेय ने ग्रामीणों को किया जागरुक, टीकाकरण कराने वालों को किया सम्मानित
बिन्जन श्रीवास रीठी कटनी दर्पण। कोरोना टीकाकरण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विस्तृत कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर सभी विकासखण्डों में कोरोना टीकाकरण के प्रति जागरुकता और टीकाकरण केन्द्र में अधिक से अधिक वेक्सीनेशन को लेकर कार्य हो रहा है। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों द्वारा सक्रिय सहभागिता की जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को रीठी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत अमगवां में विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय के निर्देशन में वृहद वेक्सीनेशन कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें 840 ग्रामीणों ने उत्साह और उमंग के साथ कोरोना का टीका लगवाया और अपना सुरक्षा कवच पाया।
इस अवसर पर विधायक श्री पाण्डेय ने ग्रामीणों को कोरोना टीकाकरण का महत्व बताया। उन्होने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये यह टीका बेहद जरुरी है। अपने परिवार के बचाव के लिये आप टीकाकरण जरुर करायें। मैने खुद कोरोना का टीका लगवाया है। यह पूरी तरह सुरक्षित है। किसी भी भ्रम में ना आयें। प्राथमिकता पर टीका लगवायें।
इस दौरान एसडीएम बलबीर रमन ने भी ग्रामीणों को कोरोना टीके के लाभ बताये। उनके मन में व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया। वृहद टीकाकरण कैम्प में दिव्यांग सौरभ ने भी उत्साह के साथ कोरोना का टीका लगवाया और समाज तथा अपने गांव को टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान विधायक श्री पाण्डेय, एसडीएम श्री रमन और सीईओ श्री सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर सौरभ को सम्मानित भी किया। साथ ही अन्य टीकाकरण कार्य में सलंग्न टीम को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान तहसीलदार राजेश पाण्डेय, नायब तहसीलदार प्रियंक नेताम,मंडल अध्यक्ष मयक कंदेले सरपंच बुधिया बाई मिल्लू चक्रवर्ती, , जनशिक्षक विपिन तिवारी सहित अन्य जन भी मौजूद रहे।



