शिकायतकर्ता ने बताया जान का खतरा, आईजी से मिलकर की सुरक्षा की मांग

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले में नर्मदा सहित अन्य नदियों में धनलक्ष्मी कम्पनी द्वारा किये जा रहे अवैध उत्खनन के विरुद्ध एनजीटी न्यायालय में याचिका लगाने वाले पत्रकार रमाकांत कौरव ने सोमवार को जबलपुर आईजी भगवत सिंह चौहान से मुलाकात कर अपनी जान को खतरा बताया एवं सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराए जाने की मांग की। मुलाकात के दौरान श्रमजीवी पत्रकार परिषद के प्रदेश संयोजक नलिनकांत बाजपेयी भी मौजूद रहे।
जबलपुर आईजी भगवत सिंह चौहान को बताया कि धनलक्ष्मी कम्पनी द्वारा जिले में नर्मदा सहित अन्य नदियों में अवैध उत्खनन किया जा रहा है। जिसकी न्यूज कवरेज करने के कारण बीते एक साल से धमकियां मिल रही हैं। जिनकी शिकायतें पुलिस को की गई हैं एवं बीते एक साल में तीन बार लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की गई है लेकिन पुलिस द्वारा अब तक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित नहीं कराई गई है। आवेदन में बताया है कि धनलक्ष्मी कम्पनी में सैंकड़ों की संख्या में अन्य प्रदेशों के बंदूकधारी असामाजिक तत्व काम करते हैं। जो कि कभी भी किसी भी घटना को अंजाम दे सकते हैं। धनलक्ष्मी कम्पनी द्वारा किये जा रहे अवैध उत्खनन के विरुद्ध शिकायतकर्ता द्वारा अनेक शिकायतें की गईं लेकिन जिला प्रशासन द्वारा धनलक्ष्मी कम्पनी के विरुद्ध अब तक एक भी कार्रवाई नहीं कि गई नतीजतन नर्मदा सहित जिले की अन्य नदियों में अवैध उत्खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कार्रवाई न होने की वजह से शिकायतकर्ता को न्यायालय की शरण में जाना पड़ा है एनजीटी में याचिका लगाई गई है। याचिका एवं न्यूज कवरेज की वजह से रमाकांत कौरव को लंबे समय से धमकाया जा रहा है, याचिका वापिस लेने दबाव बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता को आशंका है कि धनलक्ष्मी कम्पनी के लोग सम्बंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मिलीभगत करके उनके ऊपर जानलेवा हमला करवा सकते हैं, किसी भी प्रकार की दुर्घटना करवा सकते हैं। उक्त आशंका को देखते हुए रमाकांत कौरव ने जबलपुर आईजी भगवत सिंह चौहान से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने की मांग की।



