अज्ञात वाहन की जोरदार ठोकर से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ हादसा
संवाददाता बिंजन श्रीवासम कटनी/रीठी दर्पण। मंगलवार को दोपहर करीब ढाई बजे मोटरसाइकिल से कटनी जा रहे पिता-पुत्र की किसी अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। सड़क पर खून से लथपथ पड़े पिता-पुत्र को रहगीरों ने रीठी अस्पताल पहुंचाया तो जांच करने के बाद चिकित्सकों की टीम ने पुत्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में पिता गहन चिकित्सा हेतु जिला अस्पताल कटनी रैफर किया गया। रीठी से कटनी जाते समय पिता ने भी रास्ते में पटौंहा गांव के समीप दम तोड़ दिया। रीठी पुलिस मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना के संबंध प्राप्त जानकारी के मुताबिक रीठी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पटेहरा निवासी 58 वर्षीय धूरे लोधी अपने पुत्र 38 वर्षीय राजा लोधी के साथ मोटरसाइकिल मे सवार होकर मंगलवार को दोपहर करीब ढाई बजे कटनी जा रहे थे। तभी रीठी व देवरीफाटक के बीच खेर माता के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उन्हे जोरदार टक्कर मार दी। घटना में घायल दोनो पिता व पुत्र खून से लथपथ सड़क पर पड़े रहे। जिन्हे राहगीरों ने रीठी अस्पताल पहुंचाया। रीठी अस्पताल मे जांच के बाद डॉक्टर ने राजा लोधी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल धूरे लोधी का प्राथमिक उपचार कर गहन चिकित्सा हेतु जिला अस्पताल कटनी रैफर कर दिया गया। बताया गया कि कटनी जाते समय धूरे लोधी ने भी रास्ते पर ही पटौंहा गांव के समीप दम तोड़ दिया।



