आयुक्त निःशक्तजन ने दिये दिव्यांगों को कोरोना की वैक्सीन लगाने के निर्देश

जबलपुर। आयुक्त निःशक्तजन सन्दीप रजक ने सोमवार को आयोजित एडवोकेसी बैठक में दिव्यांगजनों को कोरोना की वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं निशक्त जन कल्याण आशीष दीक्षित, विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, समग्र सामाजिक सुरक्षा विस्तार अधिकारी तथा दिव्यांग जनों के कल्याण के लिये कार्य कर रही अशासकीय संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे ।
बैठक में आयुक्त निःशक्तजन श्री रजक ने विभिन्न विभागों द्वारा दिव्यांगों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को अठारह वर्ष से अधिक की आयु के सभी दिव्यांगों को कोरोना का टीका लगवाने के निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को कोरोना की वैक्सीन लगवाने यदि आवश्यकता हो तो अलग से कैंप लगाये जायें । आयुक्त निःशक्तजन ने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग छात्र-छात्राओं को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जायें । श्री रजक ने बैठक में कोरोना कॉल के दौरान दिव्यांग जनों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया ।



