एमपी को यूपी बनाना चाहते हैं प्रभारी मंत्री


अपराध मे लिप्त भाजपाईयों को संरक्षण देने का लगाया आरोप
उमरिया दर्पण। कांग्रेस ने जिले के प्रभारी मंत्री रामकिशोर कांवरे पर अपराध मे लिप्त भाजपाईयों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए शासकीय अधिकारियों को धमकाने की कड़े शब्दों मे निंदा की है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अशोक गौंटिया ने कहा कि अपने पहले ही प्रवास के दौरान सामुदायिक भवन मे प्रभारी मंत्री ने जिले के अधिकारियों के लिये जिस भाषा का उपयोग किया है, उससे लगता है कि वे मध्यप्रदेश को उत्तर प्रदेश बनाने पर आमदा हैं। उन्होने कहा कि अपने उद्बोधन मे मंत्री श्री कांवरे ने जिला प्रशासन को अपराध मे लिप्त भाजपाईयों को संरक्षण देने का निर्देश दे दिया है। जिससे कानून व्यवस्था और चौपट होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। श्री गौंटिया के मुताबिक कांवरे ने कहा कि यदि एक भी भाजपा कार्यकर्ता पर कोई भी कार्यवाही हुई तो मुलाजिमो की खैर नहीं।
• अपराध मे लिप्त हैं कार्यकर्ता -उन्होने बताया कि जिले के अनेक भाजपाई रेता, शराब, जुआं और शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे बेंचने जैसे अवैध कारोबारों मे लिप्त हैं। हाल ही मे शराब की तस्करी करने पर एक भाजपा कार्यकर्ता पर अपराध पंजीबद्ध हुआ है। जबकि कई पर अतिक्रमण, अवैध कालोनी, गुंडागर्दी, हफ्ता वसूली जैसे आपराधिक गतिविधियों के मामले लंबित हैं। कांग्रेस का आरोप है कि प्रभारी मंत्री द्वारा ऐसे तत्वों को स्वतंत्र रूप से गैरकानूनी कार्य करने की छूट देने का दबाव बनाया जा रहा है। जो कि बेहद शर्मनाक और शासन के जिम्मेदार मंत्री के आचरण का उल्लंघन है।
• अधिकारी, कर्मचारियों का अन्याय बर्दाश्त नहीं -श्री गौंटिया ने कहा कि कांग्रेस जिले मे अपराधिक तत्वों के विरूद्ध निष्पक्ष कार्यवाही करने वाले ईमानदार अधिकारियों और कर्मचारियों के सांथ है। उनका अपमान कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।



