सीमावर्ती मार्ग में कीचड़ ही कीचड़,आवागमन करने में हो रही परेशानी

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो।जिले के जनपद पंचायत समनापुर व जनपद पंचायत बजाग को जोड़ने वाली बहू उपयोगी सीमावर्ती सड़क में फैली कीचड़ से लोग परेशान हैं। बताया गया कि कुकर्रामठ से पिड़रूखी तक की लगभग दो किलोमीटर कच्ची मार्ग से आवागमन करने में वाहन चालकों सहित राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो लगभग दो किलोमीटर की मार्ग पर फैली कीचड़ व बोल्डर युक्त पत्थर से राहगीरों की समस्याएं बरसात के मौसम में और भी ज्यादा बढ़ती जा रही हैं, बावजूद इस ओर कोई ठोस पहल करने जिम्मेदारों द्वारा कोई पहल नहीं की जा रही। गौरतलब है कि कुछ समय पहले ग्राम पंचायत पिड़रूखी द्वारा मार्ग में निर्माण कार्य कराने के नाम पर कच्ची सड़क में जगह जगह मिट्टी युक्त बड़े-बड़े पत्थर डाल कर खानापूर्ति कर दिया गया, जिससे अब बरसात में लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। मार्ग से आवागमन करने में जहां वाहन चालकों को दुर्घटना का अंदेशा है, तो वहीं राहगीरों को पैदल चलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की मांग के बाद भी मार्ग को दुरुस्त करने जिम्मेदारों के द्वारा कोई पहल नहीं की गई, जिससे मार्ग पर इन दिनों कीचड़ ही कीचड़ नजर आ रहा है।



