केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अन्न उत्सव कार्यक्रम को किया संबोधित

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज।केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार 25 हजार 435 उचित मूल्य की दुकानों में हितग्राहियों को निःशुल्क राशन का वितरण कर रही है। सरकार गरीबों की रोजी-रोटी जैसी जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप कोरोना काल में हर नागरिक को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रतिमाह मिलने वाले खाद्यान्न के साथ प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजनांतर्गत निःशुल्क खाद्यान्न दिया जा रहा है। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते पुरानी डिंडौरी मण्डला बस स्टैण्ड में आयोजित प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत आयोजित अन्न उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अन्न उत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का लाईव प्रसारण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्यमंत्री कुलस्ते का गुदुम बाजा, लोकगीत और फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। जिला स्तरीय अन्न उत्सव कार्यक्रम के शुभारंभ में दीप प्रज्जवलित कर कन्यापूजन किया। कार्यक्रम के अंत में विधायक विकास निधि एवं जनभागीदारी योजनांतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र समनापुर में नवनिर्मित आइसोलेशन वार्ड का ई-लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री महेष पाराशर, अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।



