डीपीएम को नोटिस जारी कर सात दिवस का वेतन काटा जाए:कलेक्टर रत्नाकर झा

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज।कलेक्टर रत्नाकर झा ने डीपीएम विक्रम सिंह ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिवस का वेतन काटने और जिला आपूर्ति अधिकारी आर.एम. सिंह को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए है, उक्त नोटिस विभागीय कार्यां में लापरवाही बरतने के कारण जारी की गई है। कलेक्टर झा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यां की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी अंजू अरूण विष्वकर्मा, एसडीएम डिंडौरी महेष मण्डलोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर रमेश मरावी, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान राघवेन्द्र मिश्रा, कार्यलपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग एम.एस. धुर्वे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूलता सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग डाक्टर संतोष शुक्ला सहित जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का निराकरण लेवल-1 एवं लेवल-2 पर ही करना सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता से संपर्क करें और उनकी शिकायतों का निराकरण करें। कलेक्टर झा ने सीएम हेल्प लाईन में स्वास्थ्य विभाग में लंबित 300 दिवस तक लंबित शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
आवागमन में परेशानी भरे रास्तों को जल्द करवाएं दुरुस्त-कलेक्टर ने सीएम हेल्प लाईन में दर्ज शिकायत गर्भवती महिला एवं डॉक्टरों का विवाद का एसडीएम डिंडौरी को जांच कर निराकरण करने को कहा, उन्होंने कहा कि जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों को अस्पताल की ही दवाईयां दें। कलेक्टर झा ने जिले में एक जिला एवं एक उत्पाद के लिए बैगानी अरहर का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं, उन्होंने नर्मदा नदी के दोनों किनारों में किए जा रहे वृक्षारोपण कार्य को गुणवत्तापूर्वक पूरा करने को कहा है। वृक्षारोपण में विभिन्न प्रजातियों के पौधे जैसे-आम, आंवला, नीम, अमरूद, कटहल, जामुन लगाने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिले में आयोजित रोजगार मेलों में चयनित आवेदकों की समीक्षा करते हुए रोजगार अधिकारी को रोजगार मेले के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।सभी स्कूलों एवं ग्राम पंचायतों के सभी शासकीय भवनों तक के पहुंच मार्ग को दुरूस्त करने को कहा गया है। जिससे स्कूलों और शासकीय कार्यालयों तक आवागमन की सुविधा सुगम हो सके। उन्होंने जिले में संचालित जल जीवन मिशन की स्थिति के संबंध में भी समीक्षा की, लोगों के लिए घर-घर तक पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए।



