कमिश्नर व जनपद सीईओ की सजगता से ग्रामीण वृद्ध महिला को मिली मदद

जैतहरी जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया के ग्राम चोई जुनहाटोला के वार्ड नं. 14 निवासी वृद्ध बिरंची बाई के मकान का छप्पर जर्जर होने पर किसी ने हालात से शहडोल संभाग के कमिश्नर राजीव शर्मा को अवगत कराया। उन्होंने मानवीय संवेदना के तहत उक्त संदेश के संदर्भ में जनपद पंचायत जैतहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सतीश कुमार तिवारी को मौका मुआयना कर आवश्यक मदद सुनिष्चित करने को कहा। जिस पर सीईओ श्री तिवारी ने ग्राम पंचायत पड़रिया के सचिव रमाकांत तिवारी से तत्काल संपर्क कर गांव के प्रधान व पटवारी शिवनारायण शुक्ला आदि को लेकर मौके पर पहुंचे व स्थिति देखकर वृद्ध बिरंची बाई की तात्कालिक मदद के रूप में उसके घर में जी.आई. शीट लगवाई। पटवारी शुक्ला ने राजस्व विभाग की ओर से आर्थिक मदद हेतु प्रकरण तैयार कर प्रतिवेदन तहसीलदार जैतहरी को प्रेषित किया है। जीवन को सहज, सरल बनाने के मूलमंत्र को अंगीकार कर प्रशासन के द्वारा की गई मानवीय पहल की सराहना की जा रही है।



