कांग्रेस समर्थित जनपद अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद दिखी पार्टी में गुटबाजी

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। कांग्रेस समर्थित बजाग जनपद पंचायत अध्यक्ष रूदेश परस्ते के विरुद्ध दर्ज मामले व गिरफ्तारी को लेकर मामले ने तूल पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद से ही कांग्रेस कमेटी मैं चल रही भितरघात व गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई थी। इन सब के बीच बुधवार को आरोपी को 5 दिनों बाद जमानत मिल गई। जमानत मिलने की सूचना के बाद समर्थकों के बीच खुशी का माहौल रहा। गौरतलब है कि शनिवार की देर रात बजाग महिला थाना में ड्यूटी पर तैनात महिला उपनिरीक्षक विधि पांडे की शिकायत पर जनपद अध्यक्ष रुदेश परस्ते के विरुद्ध 352, 353,186, 354, 354 (ख),294,323 और 506 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया था। जिसके बाद पूरे मामले को आधारहीन करार देते हुये जिला कांग्रेस कमेटी डिंडोरी के अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला की अगवानी में राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर न्यायिक जांच की मांग की थी। तो वही मामले को लेकर बजाग कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लोकेश पटेरिया सहित आसपास गांवों के दर्जनों ग्रामीणों ने भी प्रशासन को पत्र सौंपकर आरोपी को अपराधिक प्रवृत्ति का बताया था। इन सब राजनीतिक घटनाक्रमों को देख कांग्रेस में चल रही भितरघात व गुटबाजी साफ साफ दिखाई दे रही है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो कांग्रेसियों में कलह लंबे समय से जारी है, जिसे अब तक किसी भी बड़े नेता ने भी कांग्रेसियों की कलह दूर नहीं कर पाए, जिससे आने वाले समय में वोट बैंक पर भी असर पड़ सकता है। बताया गया कि जिला कांग्रेस कमेटी डिंडोरी की गुटबाजी से शीर्ष नेता भी हालात से अवगत हैं, बावजूद कांग्रेस के बड़े नेता भी गुटबाजी को खत्म करने में कोई भूमिका नहीं निभा पा रहे।



