कलेक्टर ने ली बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा की जिम्मेदारी

जबलपुर दर्पण। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने निजी स्पॉन्सरशिप योजना के तहत गरीब परिवारों के ऐसे दो बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण जिम्मेदारी ली है कोरोना काल के दौरान जिनके माता या पिता का निधन हो गया है। आज रेलवे सराय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को एडॉप्ट एन आंगनबाड़ी योजना के तहत गोद लेने के कार्यक्रम में सपत्नीक पहुँचे कलेक्टर श्री शर्मा ने दोनों बच्चों को दो-दो हजार रुपये के चेक प्रदान किये। खास बात यह है कि इनमें से एक बच्चे की स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण की जिम्मेदारी श्री शर्मा की धर्मपत्नी डॉ अपूर्वा शर्मा ने ली है । कार्यक्रम में कलेक्टर श्री शर्मा ने कुमारी सिद्धि श्रीवास उम्र 3 वर्ष को तथा उनकी धर्मपत्नी डॉ अपूर्वा शर्मा ने तेरह वर्षीय कुमारी पूजा शर्मा को दो हजार की राशि का चेक सौंपा । कलेक्टर श्री शर्मा एवं डॉ अपूर्वा शर्मा द्वारा इन दोनों बच्चों को प्रति माह दो-दो हजार रुपये की राशि प्रदान की जायेगी।



