कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र को लिया गोद

जबलपुर दर्पण। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने रेलवे सराय स्थित आंगनबाड़ी केंद्र को गोद लेकर यहां बालरुचि के अनुरूप आधारभूत सरंचनाओं के विकास एवं बच्चों के पोषण स्तर को ऊपर उठाने की जिम्मेदारी संभालकर अनुकरणीय मिसाल पेश की है। श्री शर्मा आज शनिवार को धर्मपत्नी अपूर्वा शर्मा के साथ इस आँगनबाड़ी केंद्र पहुँचे और बच्चों से बात की। उन्होंने बच्चों को मिठाई के पैकेट भी बांटे तथा आंगनबाड़ी केंद्र में मिल रही सुविधाओं, नाश्ता एवं भोजन के बारे में जानकारी ली। केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का ब्यौरा लेकर बच्चों से जानना चाहा कि उनकी रुचि के अनुरूप यहाँ और क्या-क्या होना चाहिये। समाज के सक्षम और सम्पन्न नागरिकों, समाजसेवी संगठनों एवं संस्थाओं से से मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप निकट के आंगनबाड़ी केंद्र को एडॉप्ट कर सुविधाओं के विकास और बच्चों के सुपोषण स्तर को बढाने की जिम्मेदारी लेने की अपील की। ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण कर इन्हें बच्चों की रुचि के अनुरूप बनाने के लिये एडॉप्ट एन आंगनबाड़ी केंद्र योजना की शुरुआत की है। कलेक्टर ने इसी योजना के तहत रेलवे सराय स्थित इस आंगनबाड़ी केंद्र को गोद लिया है । इस योजना के तहत जिले की लगभग 2400 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 324 को अधिकारियों द्वारा गोद लिया जा चुका है।



