पेयजल आपूर्ति के लिए कलेक्टर श्री नारायन ने की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की विस्तृत समीक्षा

छिन्दवाड़ा जबलपुर दर्पण । आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आज लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी ग्रीष्मकाल में ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श करना था। कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ‘साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना’ विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी युद्ध स्तर पर कार्य करें। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने पेयजल समस्या से प्रभावित होने की संभावना वाले ग्रामों का एक विस्तृत एक्शन प्लान तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सभी इंजीनियर्स को सतत क्षेत्रीय निरीक्षण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि वास्तविक स्थिति का आंकलन हो सके। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर श्री नारायन ने कार्यपालन यंत्री पी.एच.ई., खंड छिंदवाड़ा और परासिया को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ अमले के साथ तत्काल बैठक कर ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से कार्य शुरू करें।
कलेक्टर श्री नारायन द्वारा विभाग को हैंडओवर होने वाली पूर्ण योजनाओं की सूची को भी तत्परता से तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे योजनाओं का संचालन एवं संधारण समय पर सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में जल निगम के महाप्रबंधक सहित छिंदवाड़ा एवं परासिया लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी डिवीजनों के सभी इंजीनियर उपस्थित थे।



