माता गुजरी महिला महाविद्यालय में ‘रसोई से शुरू हुआ छोटा स्टार्टअप’ विषय पर आठ दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

जबलपुर दर्पण । दिनांक 19 जनवरी 2026 से 28 जनवरी 2026 तक माता गुजरी महिला महाविद्यालय के जीव रसायन विभाग द्वारा “रसोई से शुरू हुआ छोटा स्टार्टअप (Small Scale Start Up From Kitchen)” विषय पर आठ दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में उद्यमिता विकास, स्वरोज़गार एवं कौशल निर्माण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यशाला में महाविद्यालय की लगभग 34 छात्राएँ लाभान्वित हुईं, जिन्हें एक सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल प्रदान किया गया। इस अवसर पर श्री नितिन पंकसले, प्रोपराइटर, स्मिता गृह उद्योग, रानीताल एवं श्रीमती दिव्या चाँदवानी, प्रोपराइटर, शिवम बेकरी, रिमझा को विषय विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित किया गया।
विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्राओं को लघु उद्योगों के लिए आवश्यक कानूनी एवं नियामक अनुपालन, साथ ही बेकरी उद्योग में मूलभूत व्यवसाय योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि सीमित संसाधनों के साथ घर से शुरू किए गए छोटे व्यवसाय को किस प्रकार व्यवस्थित एवं लाभकारी बनाया जा सकता है।
विभागाध्यक्ष श्रीमती नम्रता शर्मा एवं डॉ. आभा बाजपेई द्वारा छात्राओं को पहले से तैयार या मिश्रित खाद्य सामग्री (Ready-to-Mix Products) बनाने एवं संरक्षित करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें इडली-डोसा मिक्स, टमाटर सूप मिक्स, रबड़ी, खीर तथा लेमनेड मिक्स जैसे उत्पाद शामिल रहे, जिन्हें पानी, दूध या तेल मिलाकर तुरंत तैयार किया जा सकता है। इन उत्पादों को समय बचाने वाला, सुविधाजनक और बाजार की दृष्टि से उपयोगी बताया गया।
कार्यशाला का सफल आयोजन डॉ. संगीता झांब, प्राचार्या, माता गुजरी महिला महाविद्यालय के संरक्षण में तथा डॉ. सुनील पाहवा (निदेशक) एवं डॉ. एस. कुररिया (रजिस्ट्रार) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन के अंत में प्रतिभागियों ने इस प्रकार की व्यावहारिक कार्यशालाओं को भविष्य में भी आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।



