दिल्ली-नोएडा में बारिश ने बोल दिया बाय-बाय! उमस भरी गर्मी के लिए हो जाइए तैयार

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने अगस्त में कम बारिश की संभावना जताई हुई है। बीते 36 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। धूप में तपिश का अहसास रहा, लेकिन गर्मी ने बहुत अधिक परेशान नहीं किया। अब अगले दो दिनों तक जमीनी सतह पर तेज हवाएं चलेंगी। इसकी वजह से गर्मी का अहसास भी कुछ और कम हो जाएगा।शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से एक डिग्री अधिक है। बीते 36 घंटों में दिल्ली (सफदरजंग) में 0.2 एमएम, लोदी रोड में 3.2 एमएम, गाजियाबाद में 3 एमएम, नोएडा में 8.5 एमएम, सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 0.5 एमएम, मयूर विहार में 2 एमएम बारिश हुई। नमी का स्तर 55 से 86 प्रतिशत रहा।
अब शनिवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क रहेगा। जमीनी सतह पर तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहेगी। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रह सकता है। वहीं 13 अगस्त को भी तेज हवाएं चलेंगी। मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। 14 व 15 अगस्त को बूंदाबांदी की संभावना है। बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 16 से 17 अगस्त के दौरान मौसम शुष्क रहेगा। तापमान 35 से 36 डिग्री के आसपास रहेगा।



