कलेक्ट्रेट परिसर में पीने का पानी नहीं: कलेक्टर कार्यवाही कर जवाब दें-आयोग

जबलपुर दर्पण। जबलपुर जिले के कलेक्टर कार्यालय परिसर तथा लोकसेवा केंद्र में इस भीषण गर्मी में पेयजल की व्यवस्था नहीं होने का मामला सामने आया है। कार्यालय के अंदर और बाहर तीन वाॅटर कूलर लगे है, जो बंद पड़े हुये है। गर्मी के मौसम में कार्यालय में आने वाले लोगों को पेयजल के लिये परेशान होना पड़ रहा है। कार्यालय के अधिकारियों द्वारा स्वयं के लिये आरओ वाॅटर की केन मंगवाई जा रहीं हैं, जिससे अधिकारियों की पेयजल की व्यवस्था तो हो जाती हैं, लेकिन कार्यालय में आम जनता के लिये पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं की है। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी फरजाना मिर्जा ने बताया कि गत दिनों समाचार पत्र में छपे समाचार के आधार पर मामले में संज्ञान लेकर सुनवाई करते हुए, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग भोपाल की मुख्य पीठ में अध्यक्ष मनोहर ममतानी तथा सदस्य राजीव कुमार टण्डन ने जबलपुर के कलेक्टर से मामले की जांच कराकर की गई कार्रवाई के सम्बन्ध में तीन सप्ताह में प्रतिवेदन मांगा है।


