मदन मोहन मालवीय की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने किया श्रद्धांजलि अर्पित

जबलपुर दर्पण। जबलपुर मर जाऊं मांगू नहीं अपने तन के काज… परहित-परमार्थ में मोहि ना आवत लाज… जैसे वाक्यों के ध्येता, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के चार बार राष्ट्रीय अध्यक्ष और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित मदनमोहन मालवीय की 77 वीं पुण्यतिथि पर आज कांग्रेसियों ने मालवीय चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हे नमन किया। खास बात यह है कि महामना की पुण्यतिथि पर उन्हे नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित करने में मात्र दिखावे के लिए इक्का-दुक्का ही कांग्रेसी यहां पहुंचे। नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा के साथ उनके साथियों ने महामना को श्रद्धांजलि दी। ऐसे में असंतुष्ट कांग्रेसियों का कहना था कि एक समय था जब पिछले नगर अध्यक्ष ने ऐसे कार्यक्रमों के दौरान टेंट, लाइट, साउंड बॉक्स के साथ-साथ चाय-नाश्ता तक की व्यवस्था कर दी थी जिससे कोई ऐसे ना आता हो तो खाने-पीने के नाम पर ही आ जाए लेकिन वह व्यवस्था भी उनके दूसरी पार्टी ज्वाइन करते ही समाप्त हो गई। उनके बहुत पहले के भी एक अध्यक्ष दूसरी पार्टी ज्वाइन कर चुके हैं। बता दें कि शहर में एक दर्जन राष्ट्रीय और प्रादेशिक पदाधिकारी हैं। इसके अलावा तथाकथित कांग्रेसी, विचारधारा से कांग्रेसी, प्लांट किए गए कांग्रेसी, दूसरी विचारधारा से यहां आए कांग्रेसी यानि जितनी व्हेरायटी के चाहो उतने कांग्रेसी इतनी बड़ी संख्या में इस समय पार्टी में हैं फिर भी यह हालात हैं। पूर्व पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों में अनेक ऐसे हैं जो कभी कहीं जाने की जहमत तक नहीं उठा पाते, नतीजा जिसको अपनी दुकान चलानी है चाहे वो कर्मचारी लेकर आए चाहे कार्यकर्ता कम से कम औपचारिकता तो पूरी कर ही लेता है। फिलहाल आज महामना को नमन कर श्रद्धासुमन अर्पित करने नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, विष्णु विनोदिया, रम्बल विश्वकर्मा आदि कांग्रेसी सुबह दस बजे मालवीय चौक पहुंचे ।



