मुख्यमंत्री के आगमन के पूर्व बीजेपी के वार्ड अध्यक्ष की जिंदा जलाकर हत्या

दमोह । नगर कोतवाली अंतर्गत बजरिया वार्ड नंबर 5 निवासी राजू राज नाम के भारतीय जनता पार्टी के वार्ड अध्यक्ष की जिंदा जलाकर हत्या कर दिए जाने का घटना क्रम सामने आया है। जानकारी के अनुसार दमोह देहात थाने की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत मंडला ढिंगसर मार्ग पर शुक्रवार सुबह यह शव देखा गया। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर वार्ड अध्यक्ष का शव एवं ऑटो खड़ा हुआ देखा गया। पुलिस के द्वारा मामले में जांच शुरू की गई। दमोह नगर के बजरिया वार्ड नंबर 5 चैनपुरा निवासी राजू राज के रूप में शव की पहचान की गई। बीजेपी के वार्ड अध्यक्ष के रूप में राजू राज को सभी लोग जानते थे, काफी मेहनती ईमानदार और पार्टी के लिए जी जान लगाकर हमेशा ही कार्य किया करते थे। वर्तमान में बजरिया वार्ड नंबर 5 से पार्षद पद के प्रत्याशी के रूप में बीजेपी से प्रबल दावेदार थे। घटना की जानकारी लगते ही बीजेपी के पदाधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। दमोह सीएसपी अभिषेक तिवारी देहात थाना टीआई दीपक खत्री एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंची जिनके द्वारा सक्रियता से पड़ताल शुरू की गई है। वही परिवार के लोगों से जानने का प्रयास किया जा रहा है कि राजू राज की क्या किसी से पुरानी कोई रंजिश थी। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है एवं पुलिस के द्वारा हत्या की पुष्टि नहीं की गई है।


