हरे गांजा की खेती का पर्दाफाश: कुसमी पुलिस ने बैगवा में मारा छापा, 12 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, आरोपी फरार

सीधी जबलपुर दर्पण । कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम बैगवा में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 12 किलो 300 ग्राम हरे गांजा के पेड़ बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी भूपेश कुमार वैश के नेतृत्व में की गई। पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सूचना के आधार पर मिली है। मिली जानकारी के अनुसार कुसमी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बैगवा में एक व्यक्ति अपने घर के आंगन में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस दल मौके पर पहुंचा और रामसुंदर बैगा पिता लद्दू बैगा के घर पर सर्च अभियान चलाया। घर के आंगन में कुएं के पास 10 गांजे के हरे-भरे पौधे पाए गए, जिनका कुल वजन 12 किलो 300 ग्राम निकला। पुलिस के पहुंचते ही एक व्यक्ति घर के पीछे से जंगल की ओर भाग गया। पीछा करने के बावजूद वह हाथ नहीं आया। पूछताछ में घर की महिला लीलावती बैगा पत्नी रामसुंदर और गांव की फूलबाई बैगा ने बताया कि भागा हुआ व्यक्ति रामसुंदर बैगा ही था, जिसने गांजे के पेड़ लगाए थे। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर वीडियोग्राफी कराई और सभी पौधों को उखाड़कर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) के तहत अपराध दर्ज कर रामसुंदर बैगा की तलाश शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भूपेश कुमार वैश सहित पुलिसकर्मी भूपेश सिंह करचुली, दिनकर सिंह, दिनेश सिंह, रामेश्वर सिंह, कमलेश प्रजापति, अक्षय तिवारी और पंकज सिंह का योगदान रहा। फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है।



