कटनी नगर निगम की बड़ी लापरवाही , एक ही दिन जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी, सिस्टम पर फिर उठे सवाल

कटनी जबलपुर दर्पण । नगर निगम कटनी की कार्यप्रणाली एक बार फिर संदेह के घेरे में है। पहले शहर की अनुमानित जनसंख्या से अधिक समग्र ID बनाने के प्रकरण ने हड़कंप मचाया था, और अब एक नया मामला सामने आया है, जिसने नगर निगम की लापरवाही और सिस्टम की खामियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। इस बार नगर निगम की जन्म-मृत्यु शाखा ने हदें पार करते हुए एक महिला का जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के मात्र एक घंटे बाद उसी महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया।जन्म और मृत्यु—एक ही दिन, एक ही नाम, एक ही दस्तावेज़ क्रमांक
सूत्रों के अनुसार, नगर निगम मुड़वारा कटनी द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र में ललिता देवी नायक, पिता का नाम गणेश प्रसाद नायक, निवासी रावत गली, गांधी गंज, महात्मा गांधी वार्ड, कटनी का जन्म दिनांक 17 दिसंबर 1994 दर्ज है। प्रमाण पत्र 22 जुलाई 2025 को सुबह 11:43 बजे जारी किया गया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि सिर्फ 43 मिनट बाद यानी 12:26 बजे उसी महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। यही नहीं, दोनों प्रमाणपत्रों का पंजीकरण क्रमांक भी 589 है, जिससे यह स्पष्ट है कि एक ही व्यक्ति के नाम पर एक ही दिन में जन्म और मृत्यु दोनों का पंजीकरण कर दिया गया।
क्यूआर कोड और डिजिटल हस्ताक्षरों के बावजूद गड़बड़ी
गौर करने वाली बात यह है कि दोनों दस्तावेजों में QR कोड और डिजिटल हस्ताक्षर भी मौजूद हैं, जो प्रमाणपत्रों की “प्रामाणिकता” की पुष्टि करते हैं। यह मामला दर्शाता है कि किस तरह तकनीकी व्यवस्था और ऑथेंटिकेशन टूल्स के बावजूद मानव लापरवाही और भ्रष्ट मानसिकता से सिस्टम में सेंध लगाई जा रही है।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल—समग्र ID मामले में राज्य मंत्रालय दे चुका है जांच के आदेश
इससे पूर्व भी नगर निगम कटनी में समग्र आईडी से जुड़ा बड़ा घोटाला सामने आया था, जिसमें कटनी की अनुमानित जनसंख्या 2 लाख 86 हजार होने के बावजूद 3 लाख 68 हजार से अधिक समग्र आईडी बनाए जा चुके हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्यप्रदेश राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग मंत्रालय द्वारा नगर निगम कटनी को जांच के निर्देश दिए गए थे।
मामला क्या है?
मध्यप्रदेश शासन के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और नगर निगम मुरवारा (कटनी) के दस्तावेज़ क्रमांक 5 एवं 6 के अनुसार:
जन्म प्रमाण पत्र का विवरण: नाम: ललिता देवी नायक पिता का नाम: गणेश प्रसाद नायक
जन्मतिथि: 17 दिसंबर 1994 जन्मस्थान: रावत गली, गांधी गंज, महात्मा गांधी वार्ड, कटनी
पंजीकरण संख्या: 589 प्रमाण पत्र जारी तिथि: 22 जुलाई 2025 अपडेट समय: 22-07-2025, 11:43:55 जारीकर्ता: नगर निगम मुरवारा कटनी
इस प्रमाण पत्र पर क्यूआर कोड और डिजिटल हस्ताक्षर भी हैं, जिससे यह प्रमाणित होता है कि प्रमाण पत्र पूरी तरह से वैध और प्रामाणिक रूप से जारी किया गया।
ठीक 1 घंटे बाद जारी मृत्यु प्रमाण पत्र:
मृतक का नाम: ललिता देवी नायक (उसी पते पर) पंजीकरण संख्या: वही 589 मृत्यु पंजीकरण तिथि: 30 दिसंबर 1994 प्रमाण पत्र जारी तिथि: 22 जुलाई 2025,अपडेट समय: 22-07-2025, 12:26:32 स्थायी पता: रावत गली, गांधी गंज, महात्मा गांधी वार्ड, कटनी
जारीकर्ता: नगर निगम मुरवारा कटनी
यह प्रमाण पत्र भी क्यूआर कोड और डिजिटल हस्ताक्षर सहित जारी किया गया है, जिससे इसकी प्रामाणिकता पुष्ट होती है।



