हर-घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का हुआ आयोजन

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जय गुरुदेव सोशल वेलफेयर संस्था डिंडौरी खेल और युवा कल्याण विभाग और नेहरू युवा केन्द्र के द्वारा मंगलवार को मां नर्मदा हाई स्कूल, पुरानी डिंडोरी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके, वार्ड पार्षद हरिहर पाराशर एवं नेहरू युवा केंद्र डिंडोरी से आर. पी. कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगा यात्रा नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ बस्ती क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए आईटीआई के पास तक निकाली गई। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक देशभक्ति के नारे लगाए। कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक आरती सोंधिया, संतोषी यादव, नशा मुक्ति केंद्र से रितु सेन, नमन कछवाहा, स्टाफ सहित मां नर्मदा हाई स्कूल के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। रैली को सफल बनाने में जय गुरुदेव सोशल वेलफेयर संस्था से कुंती गौतम की विशेष भूमिका रही। आयोजन जिला प्रशासन के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान के तहत संपन्न कराया गया था।
