पिंडरई गांव में बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान, जिम्मेदार विभाग मौन

ढीमरखेड़ा जबलपुर दर्पण । कटनी जिले के ढीमरखेड़ा तहसील मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले पिंडरई गांव में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई सड़क अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। यह सड़क गांव के बीच से गुजरती है और इसमें कई बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे बारिश का पानी भर जाता है। सड़क की इस बदहाली के कारण यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।यह सड़क ढीमरखेड़ा से विरासन पाली होते हुए सिलौड़ी को जोड़ती है और पाली सिलौड़ी क्षेत्र का मुख्य मार्ग है। इसी मार्ग से कई अधिकारी और कर्मचारी भी गुजरते हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या को सभी नजरअंदाज कर रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण ग्राम पंचायत भी इस सड़क की मरम्मत के लिए कुछ नहीं कर पा रही है।गांववालों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण अक्सर वाहन पलट जाते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जिन्हें हर दिन इसी खराब सड़क से होकर स्कूल जाना पड़ता है।स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार 181 हेल्पलाइन पर शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि आने-जाने में होने वाली परेशानियों को दूर किया जा सके।
इस मामले में संबंधित विभाग की लापरवाही साफ नजर आ रही है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और लोक निर्माण विभाग इस खबर का संज्ञान लेंगे और जल्द ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू करवाएंगे।



