जबलपुर मार्ग पर चलने वाली बसें नहीं आती अंदर

गोटेगांव जबलपुर दर्पण । गोटेगांव नगर में नए बस स्टैंड का निर्माण कर दिया गया है। मगर स्थानीय प्रशासन की सुस्ती के चलते नरसिंहपुर से जबलपुर के बीच चलने वाली बसें नए बस स्टैंड के अंदर नहीं आती हैं। इसी प्रकार फुहारा चौक से चलने वाली बसें या बैलहाई बाजार से चलने वाली बसें भी नए बस स्टैंड पर नहीं आती हैं। जिसके कारण नए बस स्टैंड के निर्माण की उपयोगिता पूरी नहीं हो रही है और बस संचालक अपने मनमर्जी के चलते बसों का संचालन कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी उक्त दिशा में कोई सख्त कदम नहीं उठा रहे हैं।जिसके कारण नए बस स्टैंड पर अतिक्रमण करने वालों के हौंसले बुलंद हैं। ऐसे अतिक्रमण करने वालों पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं लगा रही है। कुछ समय पूर्व पुलिस ने एक सप्ताह के लिए स्टाफ की ड्यूटी नए बस स्टैंड पर लगाई थी ताकि बसें स्टैंड के अंदर प्रवेश कर सकें। उस समय तक तो बस अंदर गईं। इसके बाद फिर स्थिति यथावत हो गई है और बस संचालन में लगें एजेंट नए बस स्टैंड के बाहर से ही बस को रवाना कर देते हैं जबकि पुराने बस स्टैंड पर मेन रोड पर अधिक समय तक नरसिंहपुर से जबलपुर के बीच चलने वाली बसें खड़ी होती रहती हैं।अतिक्रमण कर गाड़ी धुलाई केन्द्र बनाया नए बस स्टैंड परिसर में जहां पर सार्वजनिक शौचालय का निर्माण हुआ है। इसके बाजू से अतिक्रमण करके पक्का गाड़ी धुलाई केन्द्र का निर्माण करके वहां पर एक टपरा रख दिया गया है। वहीं शौचालय के ऊपर पानी की टंकी रख कर उस में पानी भरने का कनेक्शन कर दिया गया है। वहीं शौचालय नहीं खुलने पर वहां पर लगे विद्युत मीटर से गाड़ी धुलाई की मशीन के लिए बिजली का दुरुपयोग किए जाने की खबर मिली है। यहां भी जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के कारण नए बस स्टैंड पर पक्का अतिक्रमण करने का कार्य करके बिजली का उपयोग किया जा रहा है। वहीं इस स्टैंड के अंदर माल वाहक वाहन खडे़ रहते हैं यदि जिम्मेदार विभाग ने सख्त कदम नहीं उठाया तो आने वाले समय में नए बस स्टैंड पर अतिक्रमण करने वालों की संख्या बढ़ जाएगी। स्थानीय प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी नए बस स्टैंड को आबाद करने की दिशा में सख्त कदम उठाएं। और यहां पर किए गए अतिक्रमण को भी तत्काल हटाया जाए। जिससे नए बस स्टैंड का निर्माण करने का उद्देश्य पूरा हो सके।



