सिवनी में कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित

सिवनी, जबलपुर दर्पण । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नवजीवन विजय, अनुविभागीय अधिकारी सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जबकि खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत लंबित न रहे। उन्होंने अधिक शिकायत वाले विभागों से प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व विभाग के न्यायालयीन प्रकरणों, नामांतरण, अभिलेख सुधार और बंटवारे जैसे लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। तहसीलदारों को उचित मूल्य दुकानों, उर्वरक केंद्रों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।कृषि विभाग को बीज और उर्वरक की मांग अनुरूप उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा यूरिया, डीएपी और एनपीके की अग्रिम मांग प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। निजी कृषि आदान दुकानों में कालाबाजारी या अमानक सामग्री मिलने पर कठोर कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। जलजीवन मिशन की अपेक्षित प्रगति न होने पर एसडीओ लखनादौन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और नलजल योजनाओं को तय समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु पीएचई एवं जल निगम को निर्देशित किया गया।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन और आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्यों पर विशेष ध्यान देने और सभी योजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।



