यातायात नियम उल्लंघन पर विशेष अभियान

नरसिंहपुर जबलपुर दर्पण । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 8 से 22 सितंबर 2025 तक पूरे प्रदेश में विशेष यातायात अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था में सुधार लाना है।
नरसिंहपुर जिले में भी इस अभियान के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अब तक जिले में कुल 152 चालान बनाए गए हैं और लगभग 55,300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया है।
जनता को किया जा रहा जागरूक
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जन-संवाद के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ सके।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना एवं नरसिंहपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि –
“सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा केवल एक नारा नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करें।”



